Public App Logo
मजदूर हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले दीपंकर भट्टाचार्य, जोगिया में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड के जोगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को जोगिया और आसपास के इलाकों में 16 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की गई। इसी बीच भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, आरा सांसद सुदामा प्रसाद और काराकाट विधायक अरुण कुमार के साथ मिल्की मनिहारी गांव पहुंचे। नेताओं ने मृतक चंदेश्वर चौधरी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया। नटवार के समीप राजपुर में आयोजित बैठक में दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि मजदूरी मांगने के बदले किसी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर देना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के 12 दिन बाद भी पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस बल की भारी तैनाती पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। वहीं, एसडीएम दिलीप कुमार ने कहा कि क्षेत्र में फिलहाल पूरी तरह शांति है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। गौरतलब है कि पांच अगस्त को जोगिया गांव में चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। - Kargahar News