शहर के तालाबों का होगा संरक्षण, सौंदर्यीकरण और बेहतर रखरखाव - मेयर सुमन बहमनी
मेयर ने अभियंता शाखा के अधिकारियों की बैठक लेकर सभी तालाबों के नवीनीकरण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के दिए निर्देश
यमुनानगर। शहर के तालाबों को संरक्षित करने, उनका सौंदर्यीकरण करने और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को लेकर मेयर सुमन बहमनी ने अभियंता शाखा के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सभी तालाबों की सूची तैयार कर उनके सौंदर्यीकरण व रखरखाव के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सभी तालाबों का एस्टीमेट तैयार कर उनका सौंदर्यीकरण व नवीनीकरण करें।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि तालाब हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनके संरक्षण के साथ-साथ इन्हें शहर के पर्यावरण एवं जनहित से जोड़कर विकसित किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाबों को लेकर नगर निगम स्तर पर आवश्यक कार्रवाई और योजना तैयार करें। शहर में मौजूद तालाबों की स्थिति का आकलन कर उनकी वास्तविक स्थिति के अनुसार संरक्षण एवं विकास कार्य किए जाए। तालाबों की साफ-सफाई, पानी की गुणवत्ता, आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता तथा अवैध कब्जों से सुरक्षा जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि तालाबों के संरक्षण से जहां जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं शहर के पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा। तालाबों के आसपास हरियाली विकसित करने, स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और जरूरत के अनुसार सौंदर्यीकरण की दिशा में भी काम किया जा सकता है। इससे इन स्थानों को शहरवासियों के लिए उपयोगी और आकर्षक बनाया जा सकेगा।
मेयर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के प्राकृतिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखना है। तालाबों में गंदगी या कचरा न डाला जाए और इनके आसपास किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए, इसके लिए लोगों को भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि तालाबों को स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करें और इन्हें कूड़ा डालने का स्थान न बनाएं।
फोटो - अधिकारियों की बैठक लेती मेयर सुमन बहमनी।