अग्रवाल वैश्य समाज ने चलाया पौधारोपण अभियान, हर सदस्य ने नेम प्लेट के साथ लगाया पौधा
भिवानी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से अग्रवाल वैश्य समाज द्वारा आदर्श महिला महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने करीब 50 पौधे लगाए। अभियान की विशेष बात यह रही कि प्रत्येक सदस्य ने अपने पौधे के साथ अपनी नेम प्लेट लगाई और उसके संरक्षण व देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं लेने का संकल्प लिया।
समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के मार्गदर्शन एवं भिवानी विधानसभा अध्यक्ष सतीश वैद्य के संयोजन में आयोजित इस अभियान में समाज के महासचिव आशीष मित्तल ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक नियमित रूप से पानी देना, सुरक्षा करना और देखभाल करना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ प्रत्येक पौधे को एक सदस्य से जोड़ते हुए उसकी जिम्मेदारी तय की गई।
समाज के कोषाध्यक्ष अखिल मित्तल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पौधारोपण का विशेष महत्व होता है। प्रत्येक सदस्य द्वारा अपने नाम की नेम प्लेट के साथ पौधा लगाने से लोगों में पर्यावरण के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी और जुड़ाव की भावना विकसित होगी।
आदर्श महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका मित्तल ने अग्रवाल वैश्य समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर सुरेन्द्र बंसल, मनीष तायल, हर्षित सिंघल, नवीन मंगल, रमन अग्रवाल, कृष्ण सिंगला, विवेक महेश्वरी, कुंजन अग्रवाल, इंद्र केडिया, गणेश अग्रवाल, अनिल गर्ग, प्रकाश मित्तल, प्रवीण अग्रवाल, सुरेन्द्र अग्रवाल, अमन गुप्ता, पीयूष अग्रवाल, ललित मित्तल, सुमित डालमिया, हर्षित ईश्वरवालिया, आशीष बंसल, आशीष मित्तल, महेश अग्रवाल, मनोज बागड़ी, उमेश बंसल सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
— राष्ट्रीय कदम न्यूज़