Public App Logo
केदारनाथ यात्रा के रामपुर बाजार पर मंडराया भूस्खलन का बड़ा खतरा,, लगातार धंस रही जमीन, सड़क का आधे से अधिक हिस्सा भूधंसाव की चपेट में; भवनों पर भी खतरा,, रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रामपुर बाजार के समीप स्थित संवेदनशील भूस्खलन क्षेत्र का खतरा और बढ़ा दिया है। जून माह से लगातार हो रहे भूधंसाव ने अब बाजार की ओर रुख कर लिया है। हालात यह हैं कि सड़क का आधे से अधिक हिस्सा भूधंसाव की चपेट में आ चुका है, जबकि आसपास बने भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा है। इससे स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रामपुर बाजार के समीप लंबे समय से सक्रिय इस भूस्खलन जोन में पहले भी सड़क की सुरक्षा दीवार धंस चुकी है। राजमार्ग विभाग की कार्यदायी संस्था ने सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया था, लेकिन जुलाई के अंतिम सप्ताह में हुई भारी बारिश के बाद यह दीवार दोबारा धंस गई। अब भूधंसाव लगातार बढ़ रहा है और इसका असर बाजार क्षेत्र की ओर दिखाई देने लगा है। सड़क के साथ जमीन भी लगातार खिसक रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते इस संवेदनशील क्षेत्र का स्थायी और वैज्ञानिक तरीके से उपचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है। भूधंसाव की चपेट में सड़क के साथ-साथ आसपास के भवन भी आ सकते हैं। व्यापारियों ने राजमार्ग विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतने संवेदनशील मामले के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके का समुचित मुआयना नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि विशेषज्ञों की टीम भेजकर क्षेत्र का तत्काल भू-वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए और सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाएं। पूर्व ग्राम प्रधान न्यालसू प्रमोद सिंह रावत ने बताया कि क्षेत्र में भूधंसाव तेजी से बढ़ रहा है। सड़क भी लगातार धंसती जा रही है और आसपास स्थित भवनों पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजमार्ग विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। बारिश बढ़ी तो बढ़ सकती है मुसीबत, केदारघाटी में लगातार बारिश का दौर जारी रहने के कारण स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो भूधंसाव और तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में रामपुर बाजार की सुरक्षा को लेकर तत्काल ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया है। #facebookviral #kedarnath #landslide #uttarakhand #rudraprayag #today #rain #flood #road - Rudraprayag News