डीएम विशाल मिश्रा बोले,, अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा भरदारी गाड़ पुल का काम!!
पश्चिम भरदार क्षेत्र में लंबे समय से लंबित भरदारी गाड़ पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और पुल निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। आंदोलनकारियों ने साफ कहा कि जब तक पुल निर्माण को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। देखते ही देखते जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और दिनभर पुल निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद होती रही।
शाम को खुद आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे डीएम!!
सोमवार आज कई घंटे तक चले धरने के बाद शाम करीब पांच बजे जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे। उनके साथ संबंधित विभाग के अभियंता भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं और पुल निर्माण से जुड़ी मांग को गंभीरता से सुना। वार्ता के दौरान प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच पुल निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जाएगी।
एक सप्ताह में पत्र, अक्टूबर के पहले सप्ताह में काम!!
वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभाग के माध्यम से पुल निर्माण को लेकर पत्र जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अक्टूबर के पहले सप्ताह से पुल का काम शुरू कराया जाएगा। जिलाधिकारी के इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद सुबह से जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर डटे ग्रामीण और जनप्रतिनिधि अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए।