उदयपुर को मिली 50 ई-बसों की सौगात, पहले चरण में 33 बसों का संचालन शुरू
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया वर्चुअल शुभारंभ, 17 और ई-बसें जल्द होंगी शामिल | प्रमुख मार्गों पर मिलेगी आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा
उदयपुर। उदयपुर शहर को मंगलवार को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में 33 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि आगामी दिनों में 17 और बसें मिलने के बाद शहर में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने ई-बसों में सफर कर नई परिवहन सेवा का अनुभव लिया। कार्यक्रम से पूर्व संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वातानुकूलित बसों में आधुनिक सुविधाएं
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि ई-बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं और यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, इमरजेंसी पैनिक बटन, दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सुविधा, एयर सस्पेंशन और उन्नत बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सुविधाओं से लैस हैं।
ई-बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। एयरपोर्ट सेवा उड़ानों के समय के अनुरूप संचालित होगी।
इन प्रमुख मार्गों पर चलेंगी ई-बसें
ई-बसों का संचालन चेतक बस स्टैंड से कानपुर, सुखाड़िया सर्किल से डबोक एयरपोर्ट, बलीचा से अंबेरी, बड़गांव से बलीचा, आईआईएम उदयपुर से भुवाणा, एकलिंगपुरा से रामपुरा चौराहा, प्रतापनगर चौराहा से बड़ी, तितरड़ी से भुवाणा, तितरड़ी से प्रतापनगर चौराहा और तितरड़ी से लोयरा सहित प्रमुख मार्गों पर प्रस्तावित है।
30 किलोमीटर तक ₹60, एयरपोर्ट का किराया ₹100
ई-बस सेवा में दूरी के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है। 0-3 किमी ₹10, 3-5 किमी ₹15, 5-10 किमी ₹20, 10-15 किमी ₹30, 15-20 किमी ₹40, 20-25 किमी ₹50 और 25-30 किमी तक ₹60 किराया प्रस्तावित है। वहीं डबोक एयरपोर्ट सेवा के लिए ₹100 प्रति यात्री किराया निर्धारित किया गया है।
45 बसें 9 मीटर और 5 बसें 12 मीटर श्रेणी की
उदयपुर के लिए कुल 50 ई-बसें स्वीकृत हैं। इनमें 45 बसें 9 मीटर श्रेणी की और 5 बसें 12 मीटर श्रेणी की हैं। 12 मीटर की बसों को एयरपोर्ट मार्ग पर संचालित किया जाना प्रस्तावित है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सफर
उद्घाटन के बाद ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उपायुक्त हरिसिंह देवल, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी, यूडीए अधीक्षण अभियंता संजीव शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी ई-बस से नगर निगम से उदयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय तक पहुंचे।
उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने ई-बस सेवा को शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि ई-बस सेवा से गरीब, मजदूर और श्रमिक वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा।
ई-बसों के संचालन से उदयपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ प्रदूषण कम करने और शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।