10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में महिला कांग्रेस ने जताई चिंता, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
उदयपुर। उदयपुर के एक आश्रम में 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के सामने आए मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने चिंता जताई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक शांता प्रिंस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बाल विकास समिति, चित्रकूट नगर की अध्यक्ष यशोदा पाणिया से मुलाकात कर बच्ची की स्थिति की जानकारी ली।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि बच्ची न्यायालय के आदेशानुसार समिति के संरक्षण में है और उसकी नियमित काउंसलिंग की जा रही है। बच्ची स्वस्थ है, लेकिन घटना के कारण डरी हुई है। उसकी शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी समिति द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।
समिति के अनुसार, बच्ची के साथ कथित घटना की जानकारी शिक्षक द्वारा दी गई थी। सूचना मिलने पर टीम ने आश्रम पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया और पुलिस में आश्रम संचालिका तथा उसके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। समिति अध्यक्ष के अनुसार, कथित कृत्य करीब चार महीने से किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसके बाद महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उदयपुर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन से मुलाकात कर आश्रम संचालिका की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शांता प्रिंस ने कहा कि मासूम बच्चियों की सुरक्षा समाज और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के साथ उसकी शिक्षा, सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी सरकार एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी में अनावश्यक देरी हुई तो महिला कांग्रेस ज्ञापन देकर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आश्रम संचालिका के भाजपा से कथित जुड़ाव का उल्लेख करते हुए मामले की जांच किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त रखने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में महिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष भगवती डांगी, शहर महिला अध्यक्ष तरीका भानु प्रताप, यास्मीन बानो एवं यशोदा सालवी मौजूद रहीं।
Badgaon, Udaipur | Aug 18, 2026