कानोड़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
वीरिया गांव के कुएं में मिले शव की गुत्थी सुलझी, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग डिटेन
कानोड़। उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र के वीरिया गांव में कुएं में मिले नाबालिग के शव की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी वल्लभनगर श्रवण दास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
घटना का विवरण:
24 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजनों ने कानोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका नाबालिग पुत्र रात को गांव में गणपति देखने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र एवं साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से मामले की कड़ियां जोड़ीं। पुलिस जांच में सामने आया कि गांव के ईश्वरलाल और उसके साले इंद्रमल ने अपने साथियों के साथ कथित रूप से बिजली के तार काटकर चोरी करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान नाबालिग को भी अपने साथ ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, तार काटते समय अचानक करंट आने से नाबालिग खंभे से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद कानूनी कार्रवाई से बचने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में डाल दिया गया।
पुलिस ने मामले में इंद्रमल (18) पुत्र शंकरलाल, निवासी बोर का पानी, थाना लसाड़िया, जिला सलूंबर को गिरफ्तार किया है तथा दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश एवं आगे की जांच जारी है।
Girwa, Udaipur | Oct 1, 2026