राजसमंद में अवैध डोडा चूरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
44.460 किलो डोडा चूरा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
राजसमंद। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत राजनगर थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए 44.460 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार एस्कॉर्ट करते हुए आगे चल रही थी, जबकि उसके पीछे एक वेन्यू कार आ रही थी। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वेन्यू कार की डिक्की में काले रंग के कट्टों में छिपाकर रखा 44.460 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल वेन्यू और स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया। मौके से लाधूराम, भगवानलाल और किशनलाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आरोपियों से अवैध डोडा चूरा की खरीद-फरोख्त एवं इसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में थाना राजनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत प्रकरण संख्या 239/2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच थाना केलवा के अधिकारी द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में राजसमंद डीएसटी, राजनगर थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम शामिल रही।
Girwa, Udaipur | Oct 1, 2026