मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की सुविधा का रखें विशेष ध्यान: प्रेक्षक
शाहजहांपुर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक नवीन कुमार जीएसआईएएस, सदस्य राजस्व परिषद (न्यायिक) ने जनपद में मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने भावलखेड़ा ब्लॉक कार्यालय के मतदेय स्थल संख्या 37 और तहसीलदार कार्यालय तिलहर के मतदेय स्थल संख्या 40 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रेक्षक ने मतदान के दिन पेयजल, प्रकाश, फर्नीचर, शौचालय और शेड सहित सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुगमतापूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, एसडीएम सदर प्रभात राय और तहसीलदार सदर ऋषिकान्त मौजूद रहे। तिलहर में तहसीलदार आदेश कुमार और नायब तहसीलदार रोहित कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि तिलहर के मतदेय स्थल पर 194 पुरुष और 93 महिला समेत कुल 287 मतदाता हैं।