राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ
उद्घाटन मुकाबले में पटना प्रमंडल ने भागलपुर को 52-50 से हराया
आरा, दिनांक 13 अक्टूबर 2026।
खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA), पटना एवं जिला प्रशासन, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज खेल भवन-सह-व्यायामशाला, भोजपुर में राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2026 (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग) का भव्य शुभारंभ हुआ। त्रिदिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के नौ प्रमंडलों एवं एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 360 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला पटना प्रमंडल एवं भागलपुर प्रमंडल के बीच खेला गया, जिसमें पटना प्रमंडल की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 52-50 के अंतर से जीत दर्ज की।
यह प्रतियोगिता 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अंतिम दिन फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर आरा, जिला खेल पदाधिकारी एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
@iprdbihar
1 views | Bhojpur, Bihar | Oct 13, 2026