*सबका सम्मान, जीवन आसान के तहत जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत पुरैनी में सहयोग शिविर का आयोजन*
*भागलपुर, दिनांक 06 अक्टूबर 2026:-* भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत पुरैनी में आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें सरकारी योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान आमजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया। शिविर में उपस्थित आमजनों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर *जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय* ने आमजनों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव* द्वारा भी शिविर में उपस्थित लोगों से बातचीत की गई तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। उन्होंने आमजनों को प्रशासन एवं पुलिस से संबंधित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी।
वहीं, *भूमि सुधार उप-समाहर्ता, सदर भागलपुर श्रीमती अपेक्षा मोदी* द्वारा भी शिविर में उपस्थित लोगों की समस्याओं को सुना गया तथा भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामलों में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
आमजनों को बताया गया कि *सहयोग शिविर* एक सरकारी शिविर है, जिसके माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं विभागीय सुविधाओं से संबंधित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाती है। साथ ही, पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का संधारण करते हुए संबंधित मामलों को नियमानुसार निष्पादित करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजनों तक पहुंच बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित थे।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary