Public App Logo
श्रावणी मेला 2026 में कांवरिया श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका के निर्देश पर कच्ची कांवरिया पथ पर 15 सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन सूचना केंद्रों के माध्यम से 24×7 श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रा के दौरान बिछड़ने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को अनाउंसमेंट एवं अन्य माध्यमों से उनके परिजनों से मिलाने के साथ-साथ उनके खोए हुए सामान की तलाश कर उन्हें वापस उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में सूईयां सूचना केंद्र द्वारा बताया गया कि छपरा निवासी लखपति देवी यात्रा के दौरान अपने पुत्र संजय राय से बिछड़ गई थीं। सूचना केंद्र द्वारा अनाउंसमेंट कर लखपति देवी को उनके पुत्र संजय राय से मिलाया गया। वहीं, शिवलोक सूचना केंद्र के माध्यम से भागलपुर निवासी अभिनंदन मंडल अपने लगभग 15 वर्षीय भतीजे से बिछड़ गए थे। सूचना केंद्र द्वारा लगातार अनाउंसमेंट किए जाने के बाद दोनों को सकुशल मिला दिया गया। इसी प्रकार, दुम्मा बॉर्डर सूचना केंद्र पर कैमूर (भभुआ) निवासी लव कुश कुमार राय अपने साथी जयप्रकाश राय से पिछले तीन दिनों से बिछड़े हुए थे। दुम्मा बॉर्डर सूचना केंद्र एवं पुलिस बल के संयुक्त प्रयास से दोनों को एक-दूसरे से मिलाया गया। सूचना केंद्रों के माध्यम से किए जा रहे इन प्रयासों से कांवरिया श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने साथियों एवं परिजनों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी प्रकार की परेशानी होने पर निकटतम सूचना केंद्र अथवा नियंत्रण कक्ष एवं पुलिस बल से संपर्क करें। - Banka News