#सेवा_संकल्प_अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाया खेल कौशल
उज्जैन, 8 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत तराना विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर के निर्देश एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री विजेंद्र देवड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।
सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तराना में बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के बाद विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री विजय सिंह चौहान ने की। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग की युवा समन्वयक सुश्री शानू मकवाना, विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी श्री अबरार खान सहित शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने परिसर की साफ-सफाई की तथा विद्यालय के सफाईकर्मियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
इसी क्रम में अभिज्ञान हाई स्कूल तराना, एकीकृत शासकीय हाई स्कूल तिलावद तथा शासकीय हाई स्कूल खामली में भी विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। खामली विद्यालय में मनोरंजक खेलों के साथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेल गतिविधियों के दौरान विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। युवा समन्वयक सुश्री शानू मकवाना ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने के साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, सहयोग एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर निरंतर खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
22 views | Umaria, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026