बिक्रमगंज के हीरा आभूषण भंडार लूटकांड का खुलासा, पांच गिरफ्तार
दो आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, चोरी की बाइक और भागने में इस्तेमाल कार बरामद
बिक्रमगंज शहर के आरा रोड स्थित हीरा आभूषण भंडार में 26 जुलाई को हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रोहतास एसपी रोशन कुमार ने रविवार को प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने कांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों ने पुलिस दबाव के चलते न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई चोरी की बाइक घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर से बरामद की है। वहीं, अपराधियों के भागने के रूट से एक कार भी बरामद हुई है, जो गोरखपुर में टूर एंड ट्रैवल्स के रूप में संचालित होती थी। एसडीपीओ बिक्रमगंज सिंधु शेखर के नेतृत्व में पुलिस टीम गोरखपुर पहुंची और टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के मालिक दीपक सहनी से पूछताछ की। जांच में पता चला कि कंपनी का चालक आदर्श सिंह कार को टूर के नाम पर लेकर गया था। पुलिस ने आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर किया है। उन्हें भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। मामले में एक स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। लूटी गई आभूषण और अन्य सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।