अंधविश्वास का खौफनाक अंजामः तंत्र-मंत्र के फेर में 30 फीट गहरे कुएं में गिरा युवक, बची जान
परशुरामपुरी शाहजहांपुर। अंधविश्वास और झाड़-फूंक का खेल किस तरह जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी एक बानगी मोहल्ला गौसनगर में देखने को मिली। दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाले अनिल कुमार को जब लगा कि उनके परिवार पर भूत-बाधा का साया है, तो वे इसका इलाज ढूंढने दिल्ली से सीधे अपने घर गौसनगर पहुंचे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि अंधविश्वास के इस चक्कर में वे मौत के मुंह में समाते-समाते बचेंगे।
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार परिवार की परेशानी से निजात पाने के लिए मोहल्ला गौसनगर स्थित पीपल के पेड़ के पास एक स्थानीय भगत से झाड़-फूंक कराने पहुंचे थे। अनुष्ठान के नाम पर भगत के कहने पर जब अनिल पीपल के पास स्थित एक पुराने कुएं की परिक्रमा लगा रहे थे, तभी अंधेरे और असंतुलन के कारण वे अचानक लगभग 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरे।
कुएं में गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में मोहल्लेवासियों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौहान पुलिस बल के साथ रस्सियों व अन्य बचाव उपकरणों को लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे।
हालांकि, पुलिस के पूरी तरह मोर्चा संभालने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए रस्सियों और कपड़ों के सहारे कड़ी मशक्कत कर अनिल को सकुशल बाहर निकाल लिया। अनिल के बाहर आते ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
Hardoi, Hardoi | Oct 4, 2026