बेटे-बहू से परेशान पिता ने संपत्ति से किया बेदखल, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
शराब पीकर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
नवाबगंज, बरेली। बेटे और बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान एक पिता ने उन्हें अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया। इस संबंध में उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज में शपथ पत्र देकर सार्वजनिक घोषणा की गई है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्राम बहोर नगला, तहसील नवाबगंज निवासी ओम प्रकाश पुत्र पुत्तू लाल ने शपथ पत्र में बताया कि उनका पुत्र मुकेश और पुत्रवधू सुशीला देवी गलत संगत में पड़कर धन का अपव्यय करते हैं तथा परिवार की बात नहीं मानते। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों आए दिन उन्हें प्रताड़ित करते हैं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट करते हैं।
ओम प्रकाश के अनुसार पुत्र उनके नाम पर लोगों से कर्ज लेकर खर्च कर देता है, जिसकी भरपाई उन्हें करनी पड़ती है। लगातार बढ़ती देनदारी और तकादों के कारण उन्हें सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि दोनों भविष्य में उन्हें शारीरिक नुकसान पहुंचा सकते हैं तथा उनकी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
इसी के चलते उन्होंने अपने पुत्र और पुत्रवधू को अपनी समस्त चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र शराब पीकर गाली-गलौज और मारपीट करता है। उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।@
#BAREILLYNEWS #bareillypolice #ब्रेकिंगखबर #थानानवाबगंज