पंच परमेश्वर मंदिर में चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर; पुलिस ने शुरू की तलाश
टीकमगढ़। शहर के नए बस स्टैंड के समीप कृषि विभाग परिसर स्थित पंच परमेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर चोरी करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को शीघ्र कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार करना चाहिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है।