⛔ बिहारीगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उदाकिशुनगंज एसडीओ पंकज कुमार घोष व उदाकिशुनगंज सीडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में की गई।
इसमें क्षेत्र में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, डीजे पर रोक, पूजा पंडालों का रूट चार्ट, प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग व आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।डीजे और अश्लील गाने पर रहेगा प्रतिबंध। एसडीओ पंकज कुमार घोष ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान डीजे नहीं बजेगा और अश्लील गानों पर प्रतिबंध रहेगा. पूजा से पूर्व ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित करने, तय रूट से ही विसर्जन कराने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया. पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान से बचने की अपील।
मौके पर उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार ने उपस्थित लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भड़काऊ बयान से दूर रहने की अपील की।उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय मोड में है. किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर अपने नजदीकी थाना को सूचित करने की अपील की गयी. उन्होंने कहा कि अनुमंडल में कुल 40 पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है।थानाध्यक्ष लवकुश कुमार ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पूजा के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक के मौके पर पूर्व प्रमुख भास्कर सिंह, विश्वदेव सिंह, वार्ड पार्षद मोहम्मद आजाद, टोली जायसवाल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मनौरी आलम, मोहम्मद आफताब आलम, कुलकुल सिंह, जीवन सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि राजकुमार यादव, विक्की जायसवाल, दीपक सिंह, मुखिया गुलाबचंद दास एवं जनप्रतिनिधि सहित अन्य मौके पर मौजूद थे।
📹 रानी देवी मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times