अंकित बालियान हत्याकांड में साजिशकर्ता रोहित लाडला गिरफ्तार:एसपी बोले- वह मोहित का दोस्त था, भोलू शाहपुरिया से कराई थी मुलाकात
शामली पुलिस ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बुधवार शाम 4 बजे रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, रोहित सोनीपत के उल्देपुर ठरू का रहने वाला है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रोहित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए मोहित का दोस्त था। उसने मोहित की मुलाकात भोलू शाहपुरिया से कराई थी। पुलिस का दावा है कि जांच में रोहित की हत्याकांड की साजिश में भूमिका सामने आई है।
26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम से निकलते समय चार हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पिता सतबीर सिंह की शिकायत पर शामली कोतवाली में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुठभेड़ में मोहित और सुमित की हुई थी मौत
हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को हुई कार्रवाई के दौरान मोहित और सुमित घायल हुए थे। बाद में दोनों की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं की तलाश में जुटी थी।
एसपी के मुताबिक, रोहित और मोहित की दोस्ती थी। दोनों के जेल में साथ रहने की बात भी सामने आई है। रोहित का भोलू शाहपुरिया से भी पुराना परिचय बताया गया है। पुलिस ने बताया कि रोहित के खिलाफ हरियाणा में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
साजिश में भूमिका की जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान रोहित की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। एसपी के मुताबिक, रोहित ने मोहित की मुलाकात भोलू शाहपुरिया से कराई थी और हत्याकांड की साजिश में उसकी भूमिका सामने आई है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और हत्याकांड में उसकी भूमिका से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।