संकल्प सेवा अभियान
==
स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएं, गंदगी न फैलाएं - राज्यमंत्री श्री लोधी
===
गांधी जयंती पर सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने किया श्रमदान
==
प्रधानमंत्री के आह्वान पर खेर माता मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित
==
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर खेर माता परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अमले ने सहभागिता कर श्रमदान किया।
स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से हम अनेक बीमारियों से दूर रह सकते हैं और स्वच्छता से मन भी प्रसन्न एवं आनंदित रहता है, इस आशय के विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्य विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने संकल्प सेवा अभियान के तहत खेर माता मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान व्यक्त किए।
श्री लोधी ने कहा महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खेर माता मंदिर परिसर में स्थित घाटों की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए घाटों की साफ-सफाई की।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब किसी स्थान पर स्वच्छता दिखाई देती है तो उसका सकारात्मक प्रभाव समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा स्वच्छता पूर्वक जीवन-यापन स्वस्थ, सुंदर और सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।