सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आंगन मिलन समारोह का शुभारंभ
भिवानी, 05 अक्तूबर : भिवानी शहर में सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक नई और सराहनीय पहल की गई है। भिवानी उपायुक्त साहिल गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल कारवा, डब्ल्यूसीडीपीओ किरण के मार्गदर्शन में तथा सुपरवाईजर सुजाता के नेतृत्व में सोमवार से शहर के दुर्गा कॉलोनी, बृजवासी कॉलोनी, खाड़ी महोल्ला क्षेत्रों की आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा समारोह का शुभारंभ हुआ। यह विशेष आयोजन 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्र पर निरंतर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बृजवासी कॉलोनी में प्राचार्य मंजू शर्मा, दुर्गा कॉलोनी में पार्षद अनिता, खाड़ी महोल्ला में पार्षद शिव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहें। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के आयोजन में जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा का भी विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, हेल्पर, आशा वर्कर, क्षेत्र की गर्भवती व धात्री महिलाएं और छोटे बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। तीन दिवसीय समारोह के पहले दिन अन्नप्राशन संस्कार के तहत 6 माह की आयु पूरी कर चुके शिशुओं का पारंपरिक विधि से अन्नप्राशन संस्कार करवाया गया। कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को पहली बार ठोस आहार खिलाया गया और माताओं को बच्चों के पोषण व आहार से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। गोद भराई की रस्म के तहहत गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई की रस्म आयोजित की गई। इस दौरान उन्हें पौष्टिक आहार सामग्री, आयरन व फॉलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं तथा गर्भावस्था के दौरान रखे जाने वाले स्वास्थ्य और खान-पान संबंधी निर्देश दिए गए। ववही स्वास्थ्य और महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी वर्करों, हेल्परों और आशा वर्करों को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित स्नेहनगर पार्षद ने महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह आंगन मिलन समारोह धरातल पर स्वास्थ्य और पोषण का संदेश पहुंचाने का एक अत्यंत सराहनीय कदम है। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस 3 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाना है। इस दौरान हर केंद्र पर बच्चों, माताओं और जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित व जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर और आशा वर्कर को सम्मानित किया गया।