*प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत खेतों में पहुंचा कृषि विभाग*
*उप संचालक कृषि ने किसानों से संवाद कर सुनी समस्याएं, मौके पर दिए तकनीकी मार्गदर्शन*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत जिले में कृषि घटक को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विकासखंड समनापुर के ग्राम छांटा, सरई, कोकोमटा, मुकुटपुर एवं झांकी में विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत संचालित प्रदर्शनों का निरीक्षण किया गया। उप संचालक कृषि डॉ. राजेश सिंह चौहान ने कृषकों से सीधे संवाद कर फसलों की स्थिति, उन्नत बीज एवं कृषि आदानों के उपयोग तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। खेतों में प्रक्षेत्र दिवस आयोजित कर फसलों में आ रही समस्याओं का निरीक्षण किया गया तथा कृषकों को आवश्यक कृषि तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम झांकी में प्राकृतिक खेती पाठशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम’’ आयोजित किया गया। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत कृषकों को प्राकृतिक खेती के महत्व, स्थानीय संसाधनों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा रासायनिक आदानों पर निर्भरता कम करने की तकनीकों की जानकारी दी गई। कृषकों को बीजामृत, घन जीवामृत, पंचगव्य, नीमास्त्र एवं दशपर्णी अर्क के निर्माण और उपयोग की विधि समझाई गई। साथ ही कृषकों का पंजीयन कर उन्हें प्राकृतिक खेती से संबंधित प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन से जोड़ने की पहल की गई।
निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान प्रभारी अनुभागीय कृषि अधिकारी श्री कृष्ण कुमार चौहान, सहायक संचालक कृषि डॉ. नेहा धूरिया, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी समनापुर श्रीमती शकुन धुर्वे, बीटीएम एवं परियोजना संचालक आत्मा श्री संतोष उइके सहित विकासखंडीय मैदानी अमला उपस्थित रहा। अधिकारियों ने कृषकों से विभागीय योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने का आग्रह किया।
#sevasankalap #collectordindori #jansamparkdindori #DhanDhanyaKrishiYojana #Dindori #Agriculture #Farmers #NaturalFarming #KrishiVibhag #OrganicFarming #MadhyaPradesh #JansamparkMP
1 views | Dindori, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026