केदारनाथ हाईवे के तिलवाड़ा में मंदाकिनी नदी से अज्ञात शव बरामद, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर पुलिस को सौंपा!! HP पेट्रोल पंप के नीचे नदी में दिखाई दिया शव, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलवाड़ा स्थित HP पेट्रोल पंप के नीचे मंदाकिनी नदी में रविवार को एक अज्ञात शव दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीसीआर) रुद्रप्रयाग द्वारा एसडीआरएफ को दी गई।
सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि से सहायक उपनिरीक्षक मुकेश रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ नदी में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी में दिखाई दे रहे अज्ञात शव को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने के साथ ही घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।