पितृ पक्ष में बदरीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब!! ब्रह्म कपाल तीर्थ पर पिंडदान-तर्पण के लिए जुट रहे श्रद्धालु, मंदिर परिसर में लंबी कतारें!!
बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम में दूसरे चरण की तीर्थयात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। पितृ पक्ष के चलते इन दिनों देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पितरों एवं पूर्वजों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना को लेकर बदरीपुरी के पौराणिक ब्रह्म कपाल तीर्थ पहुंच रहे हैं।
अलकनंदा नदी के तट पर स्थित ब्रह्म कपाल तीर्थ में पिंडदान और तर्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
वहीं, प्रातःकाल से ही श्री बदरीनाथ मंदिर के सिंहद्वार से लेकर आगे तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। ‘बदरी विशाल जी की जय’ के जयघोष से पूरा धाम भक्तिमय नजर आ रहा है। देवदर्शनी से लेकर मंदिर के परिक्रमा पथ तक चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दे रही है। मौसम अनुकूल होने से तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का सीधा असर बदरीनाथ धाम के स्थानीय कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। तीर्थ पुरोहित एवं पंडा समाज से लेकर होटल, धर्मशाला, प्रसाद, माला और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें संचालित करने वाले कारोबारी इन दिनों व्यस्त नजर आ रहे हैं। धाम में धार्मिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।
कपाट खुलने के बाद से अब तक करीब साढ़े 18 लाख श्रद्धालु श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान श्री हरि नारायण के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं। यात्रा का क्रम अभी जारी है। आगामी दशहरा पर्व और कार्तिक स्नान पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। ऐसे में बदरीनाथ धाम में यात्रा का दूसरा चरण आने वाले दिनों में और अधिक गति पकड़ सकता है।