#बालाघाट
पूर्व सैनिक सूबेदार तोमेश्वर राहंगडाले ने किया प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
किरनापुर में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हुआ प्रतिभा सम्मान समारोह, 55 विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक सूबेदार तोमेश्वर राहंगडाले द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित समारोह किरनापुर के बेसिक स्कूल परिसर में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम में किरनापुर एवं लांजी विकासखंड के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लांजी-किरनापुर क्षेत्र के विधायक श्री राजकुमार कर्राहे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान एसडीएम किरनापुर श्री आदित्य नारायण
तिवारी के माध्यम से भी प्रतिभावान विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस वर्ष कक्षा 10वीं के 10 एवं कक्षा 12वीं के 45 विद्यार्थियों सहित कुल 55 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 07 हजार रुपए एवं तृतीय पुरस्कार 05 हजार रुपए प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सूबेदार तोमेश्वर राहंगडाले ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों एवं सैनिकों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार देना ही इस आयोजन का उद्देश्य नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में शिक्षा, मेहनत, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना मुख्य लक्ष्य है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने तथा भविष्य में देश और समाज के लिए योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।
#CMMadhyaPradesh #IndependenceDay #IndependenceDay2026 #JansamparkMP
112 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 15, 2026