रत्नाड़ी पंचायत की मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला प्रतिनिधिमंडल, सुंदरनगर रोड जल्द पूरा करने की उठी मांग
शिमला/कोटखाई। कोटखाई क्षेत्र की रत्नाड़ी पंचायत के प्रधान सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात कर पंचायत और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं लंबित विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने खास तौर पर सेब सीजन शुरू होने से पहले रत्नाड़ी क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारने और लंबित सड़क कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने सुंदरनगर रोड के अधूरे कार्य का मुद्दा उठाते हुए सड़क की मैटलिंग और टायरिंग जल्द करवाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि नाबार्ड के तहत सुंदरनगर रोड के लिए स्वीकृत कार्य अभी तक लंबित है, जिसके चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ बागवानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सेब सीजन शुरू होने से पहले सड़क का शेष कार्य पूरा किया जाए और इसके लिए बचा हुआ बजट भी जल्द जारी किया जाए, ताकि क्षेत्र से सेब की ढुलाई सुचारू रूप से हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने रत्नाड़ी पंचायत में फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के निर्माण की मांग भी शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वन विभाग से जुड़े कार्यों और अधिकारियों-कर्मचारियों की आवाजाही को देखते हुए रत्नाड़ी में फॉरेस्ट रेस्ट हाउस की आवश्यकता है। इसके अलावा वन क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी शिक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में पंचायत उपप्रधान यशपाल भोलटा, सुंदरनगर वार्ड सदस्य विजय, गांधी नगर वार्ड सदस्य हीरा सिंह, रत्नाड़ी के कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता लायक राम औस्टा तथा जुब्बल-नावर-कोटखाई ब्लॉक अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष हरिदत्त सहित अन्य लोग शामिल रहे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुंदरनगर रोड की मैटलिंग और टायरिंग, सेब सीजन से पहले सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा रत्नाड़ी में फॉरेस्ट रेस्ट हाउस सहित अन्य प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करवाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।