*बस्ती मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने फहराया तिरंगा, कहा - गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाएं - बस्ती*
*बस्ती, 02 अक्टूबर 2026।* राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मंडलायुक्त कार्यालय पर समारोहपूर्वक मनाई गई।
मंडलायुक्त *वैभव श्रीवास्तव* ने कार्यालय पर राष्ट्रध्वज फहराया, सभी ने तिरंगे का अभिवादन किया और राष्ट्रगान गाया। सभागार में उन्होंने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का व्यक्तित्व व कृतित्व सादगीपूर्ण रहा। हम सभी को इनके आदर्शों को अपने जीवन में लागू करना चाहिए।
गोष्ठी में अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि दोनों महापुरुषों ने देश की जटिल परिस्थितियों का अध्ययन कर देश को आजादी दिलाई और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए काम किया। अपर आयुक्त न्यायिक सुरेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरित होकर जनमानस आजादी के आंदोलन में जागृत हुआ। संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी जी के दो अचूक अस्त्र थे।
इस अवसर पर सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की संगीत शिक्षिका पंखुड़ी मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं अर्पिता, अदिति, रक्षिता ने गांधी जी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। सुंदर प्रस्तुति के लिए सभी को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर उपश्रमायुक्त रचना केशरवानी, निरीक्षक अश्वनी कन्नौजिया, संतोष पाण्डेय, बजरंग बली पाण्डेय, शैलेष श्रीवास्तव सहित कार्यालय के स्टाफ मौजूद रहे। संचालन जीतेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने किया
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 2, 2026