शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय जौरा एवं स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में विद्यार्थियों को दी एचआईवी-एड्स की जानकारी
एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय एवं सामाजिक भ्रांतियों के प्रति किया जागरूक
ईसीटीसी द्वारा सघन एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के निर्देशन में सिविल अस्पताल जौरा की मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुभा माहेश्वरी के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जौरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को एचआईवी-एड्स के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आईसीटीसी काउंसलर श्री संदीप सेंगर ने एचआईवी एवं एड्स के बीच अंतर, एचआईवी संक्रमण के प्रमुख कारणों तथा बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। साथ ही सिफलिस एवं टीबी जैसी संक्रामक बीमारियों के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श के लिए टोल-फ्री नंबर 1097 की जानकारी भी दी गई।
काउंसलर ने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि संक्रमित व्यक्ति के साथ खाना खाने, साथ पढ़ने, नौकरी करने अथवा सामान्य रूप से साथ रहने से एचआईवी का संक्रमण नहीं फैलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने तथा सहयोग एवं संवेदनशीलता का व्यवहार अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के सह-प्राध्यापक ब्रह्मदत्त शर्मा, राकेश सिंह सिकरवार, शत्रुघ्न सिंह सिकरवार एवं अजय सिंह सिकरवार तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य मुन्नालाल यादव, शिक्षक ओ.पी. शर्मा, राजकुमार गौड़ सहित दोनों संस्थानों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #HIV #AIDS Jansampark Madhya Pradesh
243 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 1, 2026