रातभर इमरजेंसी में नहीं पहुंचे डॉक्टर, फोन भी बंद, पुराने कथित शराब वीडियो से बढ़ी मुश्किलें
मुरैना। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। शनिवार रात 8 बजे से रविवार सुबह 8 बजे तक इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. मदन मोहन राजौरिया रातभर अस्पताल नहीं पहुंचे। इस दौरान मरीज और उनके परिजन परेशान होते रहे। अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। बाद में दूसरे डॉक्टर को इमरजेंसी की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।
इसी बीच डॉ. राजौरिया का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसे करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में वे इमरजेंसी के डॉक्टर ड्यूटी रूम में बैठे दिखाई दे रहे हैं। पास की टेबल पर शराब की खाली बोतल और बीयर की कैन नजर आ रही है। वीडियो को लेकर ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, वीडियो की तारीख और उसकी वास्तविकता की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पहले भी शिकायत मिलने का दावा
बताया जा रहा है कि डॉ. राजौरिया को लेकर पहले भी ड्यूटी के दौरान शराब पीने से संबंधित शिकायतें और वीडियो सामने आ चुके हैं। पूर्व में अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें समझाइश और हिदायत दिए जाने की बात कही गई है। अब दोबारा मामला सामने आने से अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था और डॉक्टरों की ड्यूटी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सिविल सर्जन बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र तोमर ने बताया कि डॉ. मदन मोहन राजौरिया को लेकर पूर्व में भी शिकायत मिली थी और उस समय उन्हें समझाइश दी गई थी। अब सामने आए वीडियो को दिखवाकर यह पता लगाया जाएगा कि वह कब का है।
उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार रात डॉ. राजौरिया की इमरजेंसी में ड्यूटी थी, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और उनका मोबाइल बंद था। मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और उनके निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट - मुरैना सिटी न्यूज़ चैनल वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
#morena #मुरैना #अस्पताल #डॉक्टर