सिमल्ट गांव में भारी भूस्खलन से दहशत, चार परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट
कर्णप्रयाग। चमोली जनपद के विकासखंड कर्णप्रयाग के सिमल्ट गांव में बीते दिनों हुए भारी भूस्खलन से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भूस्खलन की चपेट में आने से कई परिवार खतरे की जद में आ गए हैं, जबकि गोशालाओं और कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।
गांव में अब भी रुक-रुककर भूस्खलन होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खतरे की जद में आए चार परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया है। वहीं, भूस्खलन के कारणों और खतरे की स्थिति का आकलन करने के लिए विशेषज्ञ टीम से जांच कराए जाने की बात कही गई है।
पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि भूस्खलन से गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है और मकानों में भी दरारें आई हैं। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित एवं उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में चार परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। साथ ही विशेषज्ञ टीम से क्षेत्र की जांच कराई जाएगी।
रिपोर्ट: भानु प्रकाश नेगी
लोकेशन: कर्णप्रयाग, सिमल्ट
#चमोली #कर्णप्रयाग #सिमल्ट #भूस्खलन #Landslide #UttarakhandNews #HimwantPradeshNews