➡️सफलता की कहानी
दूध से बने उत्पादों को नई पहचान, ‘हर्ष डेयरी’ ने गांव में खड़ा किया आत्मनिर्भरता का मॉडल
--
ग्रामीण क्षेत्र में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं, इसका प्रेरक उदाहरण ग्राम बिनवारा, जिला निवाड़ी में संचालित हर्ष डेयरी है। छोटे स्तर से शुरू हुआ यह उद्यम आज स्थानीय स्तर पर दुग्ध एवं मिलेट आधारित उत्पाद तैयार कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में कार्य कर रहा है।
हर्ष डेयरी द्वारा मिलेट्स रबड़ी लस्सी, मिलेट्स बादाम शेक, मिलेट्स मैंगो शेक, मिलेट्स मसाला मट्ठा एवं मिलेट्स योगर्ट जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग के माध्यम से इन्हें बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्यम में गुणवत्ता और उत्पादन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए दूध/दुग्ध उत्पादों की जांच एवं वजन के लिए आवश्यक उपकरण भी स्थापित किए गए हैं। इससे उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और व्यवस्थित ढंग से उत्पादन करने में मदद मिल रही है।
➡️स्थानीय संसाधन, स्थानीय रोजगार
हर्ष डेयरी की पहल की खास बात यह है कि इसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध दूध और मिलेट्स जैसे संसाधनों को मूल्यवर्धित उत्पादों में बदला जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में ही आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और स्वरोजगार की संभावनाएं मजबूत होती हैं।
उद्यम की पहचान “Eat Well, Feed Well” के संदेश के साथ की जा रही है। आकर्षक पैकेजिंग और अलग-अलग उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
➡️जनविश्वास अभियान से जुड़ा संदेश
जिला प्रशासन द्वारा जनविश्वास अभियान, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य यही है कि पात्र हितग्राहियों और स्थानीय उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधाओं का लाभ समय पर मिले तथा वे अपने प्रयासों को आगे बढ़ा सकें।
हर्ष डेयरी जैसी स्थानीय पहल यह संदेश देती है कि सही दिशा, मेहनत और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से गांव में ही रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
“स्थानीय संसाधनों से मूल्यवर्धन, ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता निवाड़ी।”
Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#SuccessStory #JansamparkMP
#niwari
5 views | Niwari, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026