*चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन*
*अंतिम दिन फाइनल मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का जोश, चयनित खिलाड़ी 6,7,8और 9 अक्टूबर को प्रमंडल स्तर पर मुजफ्फरपुर में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व*
मोतिहारी। खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत जिला प्रशासन, पूर्वी चंपारण के निर्देशन में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का चार दिवसीय आयोजन रविवार को विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण के साथ अंतिम चरण में पहुंचा। चार दिनों तक जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कबड्डी, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, शतरंज, कराटे, साइकिलिंग सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन किया।
अंतिम दिन मैदान पर फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बॉक्सिंग के फाइनल मुकाबले तथा कबड्डी,कराटे, शतरंज, साइकिलिंग के शेष निर्णायक मुकाबले संपन्न हुए। विजेता खिलाड़ी मेडल और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने को लेकर काफी उत्साहित नजर आए।
जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार ने पूरे आयोजन की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए खेलों के निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान दिया। उनके मार्गदर्शन में खेलकर्मियों, तकनीकी पदाधिकारियों, खेल संघों और खेल शिक्षकों ने समन्वय के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाया।
अंतिम दिन अरविंद कुमार पांडे, रमेश कुमार, चितरंजन कुमार और निशा कुमारी सहित खेलकर्मियों की टीम द्वारा खिलाड़ियों के परिणाम, प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों का अंतिम रूप से संधारण और फाइनल पोजीशन तैयार करने का कार्य किया गया, ताकि चयनित खिलाड़ियों को आगे प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए भेजा जा सके। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता, मुजफ्फरपुर में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में विभिन्न खेलों के संयोजकों और तकनीकी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबड्डी के संयोजक भानु प्रकाश, बॉक्सिंग के संयोजक पवन सरन तथा शतरंज के संयोजक धनंजय कुमार, कराटे के संयोजक कुमार जी के साथ संबंधित खेल संघों के सचिव, तकनीकी पदाधिकारी और खेल शिक्षकों ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े अन्य सहयोगियों में राजीव कुमार, अरविंद कुमार,शैलेन्द्र मिश्रा ‘बाबा’, सुनिल श्रीवास्तव, मनोज कुमार प्रसाद,अमित कश्यप, रवि कुमार सिंह, अंशु यादव, महमद परवेज आलम, संजय प्रसाद, रश्मि कुमारी, हीरालाल प्रसाद, सर्वोत्तम रंजन, अमित प्रकाश, रितेश कुमार सहित विभिन्न खेलों के खेल शिक्षक शामिल रहे।
चार दिनों तक चले इस खेल महोत्सव ने जिले के विद्यालयी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता में सामने आई प्रतिभाओं को अब अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने और जिले का प्रतिनिधित्व कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार के मार्गदर्शन, तकनीकी पदाधिकारियों, खेल संघों, खेल शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी कर्मियों के सामूहिक प्रयास से चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Sports Authority of India