मऊ। भारत निर्वाचन आयोग के संस्थागत कब्जे एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में सोनी धापा मैदान से कलेक्ट्रेट तक विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता, विधायक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।
जुलूस के दौरान कई स्थानों पर ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके गए। पुतला दहन को रोकने के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि “भाजपा की सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को अपने राजनीतिक हित में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन भाजपा के इस खेल का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।”
वहीं सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि “लोकतंत्र में जनता के मत और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सर्वोच्च है। यदि चुनावी संस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं तो इंडिया गठबंधन चुप नहीं बैठेगा। हम लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।”
कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेता, विधायक, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान, सईदुर्रहमान अंसारी, महक पांडेय, रामजतन राजभर, सुजीद सिंह, फखरे आलम मौजूद रहे।