मऊ जंक्शन पर साइबर अपराध को लेकर जागरूकता अभियान, यात्रियों को किया गया सतर्क
मऊ में साइबर अपराध जागरूकता माह के तहत साइबर सेल की टीम ने मऊ जंक्शन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों, रेल कर्मचारियों और आम लोगों को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने OTP फ्रॉड, बैंक खाते से जुड़ी ठगी, फर्जी जॉब ऑफर, डिजिटल अरेस्ट और लॉटरी या इनाम के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की। लोगों को सलाह दी गई कि बैंक खाता विवरण, ATM पिन, UPI पिन और OTP किसी के साथ साझा न करें और WhatsApp, SMS या सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध लिंक और APK फाइल पर क्लिक न करें। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली फर्जी वीडियो कॉल से न डरने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करने या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करने की अपील की गई।