डंपिंग यार्ड में विदेशी महिला पर्यटक के साथ अश्लील हरकत का वीडियो वायरल, चार गिरफ्तार
अजमेर। डंपिंग यार्ड में विदेशी महिला पर्यटक के साथ अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में अजमेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और तकनीकी व सूचना संकलन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की जानकारी सामने आई। वीडियो में तीन युवक विदेशी महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते और अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करते नजर आ रहे थे। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
प्रकरण में धारा 170 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया गया। पुलिस टीम ने वीडियो से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं का संकलन किया। इसके बाद चार आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक तथा संबंधित थाना पुलिस की टीम ने मामले में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Sep 29, 2026