निवाड़ी तहसील में विशेष राजस्व शिविर का सफल आयोजन
प्रभारी तहसीलदार एवं डिप्टी कलेक्टर की उपस्थिति में 229 किसानों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान
--
आमजन और किसानों को राजस्व संबंधी सेवाओं का त्वरित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से निवाड़ी तहसील कार्यालय परिसर में एक विशेष 'राजस्व शिविर' का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के कुशल निर्देशन तथा उप-विभागीय अधिकारी (SDM) श्री अशोक सेन के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कुल 229 मामलों का मौके पर ही सफलता पूर्वक निराकरण किया गया।
विशेष राजस्व शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी तहसीलदार एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री स्वाति सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों और कृषकों को एक ही स्थान पर पारदर्शी और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया। शिविर के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न प्रकार के लंबित और तात्कालिक मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया गया।
शिविर में निपटाए गए प्रकरणों का ब्यौरा देते हुए उन्होंने बताया कि सर्वाधिक 105 मामले पीएम किसान सम्मान निधि एवं फार्मर आईडी से संबंधित रहे, जिनका त्वरित समाधान किया गया। इसके अलावा 48 आवेदकों को खसरा नकल प्रदान की गई, जबकि सीएम हेल्पलाइन की 22 शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकरण कराया गया। 19 नामांतरण प्रकरणों और 03 बंटवारा मामलों को अंतिम रूप दिया गया। वहीं, नागरिकों की सुविधा के लिए 12 जन्म प्रमाण पत्र, 08 मृत्यु प्रमाण पत्र और 12 ई.डब्ल्यू.एस. (EWS) प्रमाण पत्र भी मौके पर ही जारी किए गए।
तहसीलदार सुश्री स्वाति सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से ग्रामीणों और किसानों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इस विशेष शिविर के सफल संचालन में प्रभारी तहसीलदार स्वाति सिंह के साथ राजस्व निरीक्षक विवेक गुप्ता, रीडर गनपत कुशवाहा, ऑपरेटर सुनील खटीक व प्रिंस तिवारी सहित क्षेत्र के पटवारी, विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में आवेदक तथा पक्षकार उपस्थित रहे। शिविर में अपनी समस्याओं का तुरंत समाधान पाकर उपस्थित किसानों और नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
CM Madhya Pradesh Department Of Revenue, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #DistrictAdministration #JansamparkMP #niwari
7 views | Niwari, Madhya Pradesh | Aug 13, 2026