पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में फायरिंग, एक की मौत, 3 घायल
मुरैना। पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फायरिंग की घटना में 25 वर्षीय अक्षय मुदगल की मौत हो गई, जबकि हीरा सिंकरवार, सुनील डंडोतिया और भूरा डंडोतिया घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, भूरा कांकोली और विजय पंडित ने अपने 4-5 साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने करीब 15 से 20 राउंड फायर किए।
घटना के दौरान मौके पर तीन पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद आरोपियों को रोकने की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और समर्थकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष की मांग है कि 9 नामजद आरोपियों और मौके पर मौजूद तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
इसके अलावा परिजनों ने अपने दो निलंबित लाइसेंस बहाल करने तथा आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी रखी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने परिजनों से समझाइश की, जिसके बाद वे शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। खबर लिखे जाने तक मृतक अक्षय मुदगल के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस पहुंचा दिया गया था।
फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
#Morena #मुरैना #पुलिस #गोलीकांड
Morena Nagar, Morena | Aug 21, 2026