लोक शिकायत के छह मामलों की सुनवाई, एक का निष्पादन
जहानाबाद : बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत बुधवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में छह अपीलीय मामलों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान एक मामले का निष्पादन किया गया, जबकि पांच मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई और प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सुनवाई में विद्युत प्रमंडल से जुड़े हाउस रेंट लेने के मामले में जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। नली-गली एवं नल-जल योजना में राशि की गलत निकासी से जुड़े मामले में जिला पंचायत राज पदाधिकारी और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को संयुक्त जांच कर प्रतिवेदन देने को कहा गया।
घोसी अंचल से जुड़े अवैध कब्जे के मामले में भूमि की मापी कर दखल-कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया। राज्य खाद्य निगम से संबंधित मामले में जांच बोर्ड गठित कर अग्रेतर कार्रवाई करने को कहा गया। काको के भदसारा गांव में आम रास्ता छोड़कर निजी जमीन पर सीलिंग एवं पीसीसी कार्य से जुड़े मामले में भी जांच कर प्रतिवेदन मांगा गया।
वहीं, विद्युत कनेक्शन रद्द करने से संबंधित एक मामले का निष्पादन किया गया। डीएम ने अधिकारियों को लोक शिकायत के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और कार्रवाई पूरी कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।