मध्य विद्यालय मखदुमपुर में डीएम का औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर चखा मध्याह्न भोजन
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने मंगलवार को मध्य विद्यालय मखदुमपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने बच्चों के बीच बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया और उसकी गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के अभिलेख एवं उपस्थिति पंजी की जांच में 20 पदस्थापित शिक्षकों में 17 उपस्थित मिले। वहीं, 948 नामांकित विद्यार्थियों में महज 558 बच्चे विद्यालय पहुंचे थे। विद्यार्थियों की उपस्थिति 58.86 प्रतिशत रही। कम उपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को तत्काल सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की उपस्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि बच्चे देश और समाज के भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण, उचित मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन का बेहतर माहौल बनाए रखने तथा बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विद्यालयी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।