पिहानी में मुर्गों से भरा पिकअप नहर में गिरा, ग्रामीणों ने चालक और मुर्गों को सुरक्षित निकाला
हरदोई। कोतवाली पिहानी क्षेत्र में हर्रई पुल के पास शुक्रवार को मुर्गों से भरा एक पिकअप अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि पिकअप में मुर्गे लदे हुए थे और वह हर्रई पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
ग्रामीणों ने पिकअप चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही वाहन में लदे मुर्गों को भी बाहर निकाला गया। बाद में ट्रैक्टर की मदद से पिकअप को नहर से बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।