नामांकित समितियों का कार्य जिले के विकास को देगा नई दिशा-कलेक्टर
प्रभारी मंत्री द्वारा नामांकित विभागीय समितियों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित
--
मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला की अध्यक्षता में गठित विभागीय समितियों में नामांकित अशासकीय सदस्यों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि विभागीय समितियों में नामांकित अशासकीय सदस्यों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। समितियों का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनहित से जुड़े विषयों पर सुझाव एवं मार्गदर्शन प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य अपने दायित्वों को समझते हुए सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें,जिससे समितियों के कार्यो के माध्यम से जिले के विकास को नई दिशा मिले। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विभिन्न विभागों में गठित समितियों में जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न वर्गो से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। इन समितियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त करने आमजन की समस्याओं को सामने लाने तथा आवश्यक सुधार के लिए सुझाव देने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी नामांकित सदस्यों से अपेक्षा की है कि वे अपने अनुभव और जन सरोकारों से जुडे़ सुझावों को समिति के समक्ष रखें।
इस अवसर पर संबंधित विभागों उद्यानिकी,खाद्य आपूर्ति, खेल, जेल, पशुपालन, ऊर्जा, स्वास्थ्य,शिक्षा,जिला पंजीयक,जिला योजना एवं सांख्यिकी, महिला एवं बाल विकास,अनुसूचित जाति जनजाति कार्य विभाग द्वारा समितियों के गठन, उद्देश्यों, कार्यक्षेत्र,सदस्यों के दायित्वों एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा निर्देशों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,विभिन्न समितियों के मनोनीत सदस्य एवं संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
#ashoknagar