अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा 5100 राखियां सैनिक भाईयों को भेजी गई
फौजी भाईयों को भेजी राखियों पर पोस्टल चार्जेज निशुल्क करने की मांग
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल,16 अगस्त
अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा " एक धागा स्नेह का - फौजी भाईयों के नाम, बहनों का पैगाम " अभियान के अन्तर्गत इक्यावन सौ राखियां सैनिक भाईयों के लिए माननीय रक्षा मंत्री, रक्षा मंत्रालय साउथ ब्लॉक, रायसीना हिल, नई दिल्ली भारत सरकार को भेजी गई !
यह जानकारी देते हुए क्लब के पूर्व भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष श्रीमती कुसुम राकेश जागेटिया ने बताया कि हमारे देश के फौजी जवानों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने हेतु भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा यह राखियां भेजी गई है ! इन राखियों को सामान्य पोस्ट से भेजने के बावजूद 735 रूपये का डाक शुल्क लगा है, क्लब द्वारा भारत सरकार से यह आग्रह भी किया गया है कि अगले वर्ष से पूरे देश में फौजी भाईयों को भेजी गई राखियो पर कहीं भी पोस्टल चार्जेज नहीं लगे ऐसा आदेश आम व्यक्तियों में देश भक्ति की भावना के प्रति जारी किया जाना चाहिए !
उन्होंने बताया कि क्लब के राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती अनिता डॉ अशोक सोडाणी एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती डाॅ सुमन सुरेश सोनी के नेतृत्व में अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब, भारत की विभिन्न 133 जिला व नगर शाखाओं की बहनों की और से देश की सीमाओं पर तैनात हमारे वीर सैनिक भाईयों के लिए हजारों राखियां एवं स्नेह पत्र दिनांक 10 अगस्त से नियमित रूप से सादर प्रेषित किये जा रहे हैं तथा अब तक इस अभियान के अन्तर्गत पैंतीस हजार से अधिक राखियां भेजी जा चुकी है तथा 20 अगस्त तक यह अभियान जारी रहेगा !
क्लब की पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीमती कुसुम राकेश जागेटिया ने बताया कि इक्यावन सौ राखियों के साथ रक्षा मंत्री को भेजे गए स्नेह पत्र में अनुरोध किया गया है कि इन राखियों को हमारे थल सेना, नौसेना एवं वायुसेना के वीर सैनिक भाईयों तक यथाशीघ्र पहुंचाने की व्यवस्था करें । हमें अपने सैनिकों पर गर्व है जो विषम परिस्थितियों में भी देश की रक्षा कर रहे हैं। यह छोटा सा प्रयास हमारी ओर से उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए है।
Bhilwara, Bhilwara | Aug 16, 2026