तारापुर प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध तेलडीहा मंदिर के सौन्दर्यीकरण एवं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर आज जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोगाचक एवं धोबई मौजा के संबंधित रैयतों के साथ भूमि अधिग्रहण के संबंध में विस्तृत वार्ता की गई। बैठक में अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, तारापुर अनुमंडल पदाधिकारी महेश कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं रैयतगण उपस्थित थे।
वार्ता के दौरान सभी रैयतों से उनकी सहमति एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। कुछ रैयतों द्वारा भूमि अधिग्रहण के प्रति अपनी सहमति नहीं दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने सभी रैयतों से अपील की कि वे अपनी-अपनी भूमि से संबंधित विस्तृत विवरण जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्राप्त जानकारी के आधार पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तारापुर अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित सभी रैयतों से समुचित संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुनें तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि तेलडीहा मंदिर के सौन्दर्यीकरण, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र के समग्र विकास की दृष्टि से प्रस्तावित भूमि का अधिग्रहण महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों को रैयतों के साथ समन्वय एवं सूझबूझ के साथ आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने तारापुर रणगांव भगलपुरा बाईपास, बंशीपुर बिहमा बाईपास तथा असरगंज डिग्री कॉलेज के हितबद्ध रैयतों के अधिग्रहित भूमि के भुगतान की प्रक्रिया को एक माह के अंदर प्रारम्भ करने का निदेश दिया। उन्होंने इसके लिए एक सप्ताह के अंदर अनुमंडल कार्यालय तारापुर में भू अर्जन कार्यालय द्वारा एक कैम्प लगा कर सभी हितबद्ध रैयतों के जमीन संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज संग्रहित करने का निदेश दिया गया ताकि रैयतों को दस्तावेज जमा करने मुंगेर मुख्यालय नहीं आना पड़े तथा सभी दस्तावेजों की जांच कर उचित रैयतों को भुगतान करने का निदेश दिया। साथ ही गोगाचक के सभी रैयतों के भूमि के भी दस्तावेज संग्रहित करने की बात कही गई।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Oct 7, 2026