आज दिनांक 21.08.2026 को मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में “स्टार्टअप के लिए बाजार तक पहुंच एवं व्यवसाय के विस्तार” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के स्टार्टअप सेल एवं जिला उद्योग केंद्र (DIC), पूर्वी चम्पारण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त (DDC), पूर्वी चम्पारण रहे। इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (DIC) एवं अनुमंडल पदाधिकारी, मोतिहारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के नवोदित एवं उभरते स्टार्टअप्स को बाजार उपलब्ध कराने, ग्राहकों तक पहुंच बनाने, उत्पादों के व्यावसायीकरण, ब्रांडिंग, निवेश के अवसर तथा व्यवसाय को बड़े स्तर पर विस्तार देने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस दौरान स्टार्टअप उद्यमियों एवं विद्यार्थियों के साथ बाजार की आवश्यकताओं, उत्पाद विकास एवं व्यावसायिक विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पांच स्टार्टअप उत्पादों का शुभारंभ एवं प्रदर्शन किया गया। इनमें—
1. ड्रोनसारथी प्राइवेट लिमिटेड — संस्थापक: शिवम कुमार
2. शिवखेलतंत्र प्राइवेट लिमिटेड — संस्थापक: शिवम कुमार ईश्वर
3. कूक्सी — संस्थापक: आयुष
4. पढ़ाक — संस्थापक: अंकुर
5. एक अन्य नवाचार आधारित स्टार्टअप उत्पाद का भी प्रदर्शन किया गया।
इन स्टार्टअप्स द्वारा विकसित उत्पादों एवं नवाचारों को अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्थापकों ने अपने उत्पादों, व्यावसायिक मॉडल एवं बाजार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के परियोजना प्रबंधक श्री अशोक एवं श्री राजन, मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के फैकल्टी प्रभारी, स्टार्टअप सेल के सदस्य तथा विद्यार्थी समन्वयक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने युवा उद्यमियों एवं विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया तथा सरकार द्वारा स्टार्टअप एवं उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से मोतिहारी एवं पूर्वी चम्पारण में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने, स्थानीय नवाचारों को बाजार से जोड़ने तथा युवाओं को रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar