Public App Logo
पानी के लिए टंकी पर चढ़ीं महिलाएं, थर गांव में अनोखा प्रदर्शन, प्रशासन मौके पर... पलेरा। टीकमगढ़ जिले की पलेरा जनपद के ग्राम थर में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने शुक्रवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से भूखी-प्यासी महिलाएं गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं और पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि गांव में लाखों रुपये की लागत से बनाई गई पानी की टंकी वर्षों से शोपीस बनी हुई है। इसके बावजूद ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और गांव में नियमित पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं की जाती, तब तक वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था तथा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत चल रही थी। - Tikamgarh News