सम्भल में स्वतंत्रता दिवस पर जनपद में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस वीडियो को शेयर करने की अपील
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कलक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण, शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी बच्चों को किया पुरस्कृत
यूपी के सम्भल जनपद में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पूर्व उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों द्वारा राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान गाया गया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों प्रवेन्द्र देव शर्मा एवं मोहित शर्मा को पुष्प, अंगवस्त्र एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को नमन किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।जिला प्रशासन एवं उम्मीद संस्था के सहयोग से जनपद में संचालित ‘भीख से सीख’ कार्यक्रम से जुड़े बच्चों द्वारा तैयार किए गए बैंड ने शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में देशभक्ति का भाव और अधिक प्रबल किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुतियां दी गईं। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले 16 बच्चों को जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं में सुधार करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और देश को सर्वोच्च बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने ‘हिन्द देश के निवासी सभी जन एक हैं’ तथा ‘ऐ मेरे प्यारे वतन’ गीत भी प्रस्तुत किया।अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कार्य करना ही सच्ची आजादी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब विकास की मुख्यधारा का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के 80 वर्ष बाद हमें आत्ममंथन करना चाहिए कि इन वर्षों में देश ने क्या पाया और क्या परिवर्तन आया। उन्होंने नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास एवं उस समय की परिस्थितियों से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जेनरेशन मिलेनियल, जेनरेशन-जी और जेनरेशन-अल्फा का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद सबसे बड़ा परिवर्तन यह हुआ कि देश की जनता द्वारा चुनी गई सरकारें देश के लिए नीतियां निर्धारित करती हैं। उन्होंने कहा कि हम समाज और देश के लिए क्या कर सकते हैं, यही आजादी के वास्तविक मायने हैं और यही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने सर्वप्रथम देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने विभाजन विभीषिका का उल्लेख करते हुए कहा कि आज की नई पीढ़ी को यह बताने की आवश्यकता है कि देश को आजादी किस संघर्ष और बलिदान के बाद मिली। अमर शहीदों ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपना सर्वस्व देश के लिए समर्पित किया, जिसके परिणामस्वरूप भारत स्वतंत्र हुआ। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश में तेजी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों को समझते हुए अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का उपयोग देशहित में करना चाहिए। युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमें देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीरों के बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी समस्या लेकर हमारे पास आता है तो यह हमारे लिए एक चुनौती के साथ-साथ एक अवसर भी होता है। चुनौती इसलिए कि संबंधित व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए कई स्तरों पर जाना पड़ा होगा और संभव है कि उसकी समस्या का समाधान न हुआ हो। वहीं यह हमारे लिए अवसर है कि हम उसकी समस्या को सुनें, समझें और उसके समाधान में प्रत्यक्ष भूमिका निभाएं।उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने का अवसर बहुत कम लोगों को मिलता है। हमें सरकारी सेवा की सार्थकता को समझना चाहिए और यह प्रयास करना चाहिए कि अपने कार्यों के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक एवं सार्थक परिवर्तन ला सकें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे जिस भी पटल अथवा दायित्व पर कार्यरत हों, वहां बेहतर कार्य करने का प्रयास करें। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में उससे अपेक्षित कार्य को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कर दे, तो देश सही मायनों में स्वतंत्रता के उस लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेगा, जिसका सपना हमारे महापुरुषों ने देखा था।कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आईसीडीएस विभाग के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों द्वारा मिट्टी से बनाई गई सुंदर कलाकृतियों एवं अन्य कला-कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिलाधिकारी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों एवं उपस्थित अधिकारियों ने कलाकृतियों का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिमन्यु कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन तथा विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बाइट जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल सम्भल
Sambhal, Sambhal | Aug 16, 2026