वृद्धाश्रम मंगलम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विशेष विधिक साक्षरता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में गुरुवार को वृद्धाश्रम मंगलम शिवपुरी में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष विधिक साक्षरता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ उन्हें विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने उपस्थित वृद्धजनों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले नागरिकों के यदि किसी अधिकार का उल्लंघन होता है, तो वे विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने नालसा (नागरिकों को विधिक सेवा) योजना 2016, वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007 के प्रावधानों तथा नालसा हेल्पलाईन नंबर 15100 की जानकारी दी।
आयोजन के दौरान जिला चिकित्सालय से आई डॉक्टरों की टीम द्वारा वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
#shivpuri