चेमल माइंस में तीन चैन माउंट मशीनों में आग, मौके पर मिले दो पर्चे, लिखा—“माइंस को बार-बार बंद ना करें, सही-सलामत चलाएं”
कांकेर - बीती रात दुर्गूकोदल क्षेत्र के चेमल स्थित पुष्प स्टील माइंस में अज्ञात लोगों द्वारा तीन चैन माउंट मशीनों में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद माइंस प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आगजनी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि रात के समय माइंस परिसर में खड़ी तीन चैन माउंट मशीनों को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर दो पर्चे भी मिले हैं। पर्चों में कथित रूप से लिखा गया है—“माइंस को बार-बार बंद ना करें, सही-सलामत चलाएं।” पर्चे मिलने के बाद घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने मामले की शिकायत थाना लोहत्तर में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा आगजनी की घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल आग लगाने वाले लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे कौन लोग हैं तथा आगजनी के पीछे उनकी क्या मंशा थी। घटना के बाद माइंस क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आगजनी की घटना के वास्तविक कारण और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
#viralreelschallenge #NewsUpdate #viralreels #newsfeed
Kanker, Kanker | Oct 6, 2026