माननीय प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
सहरसा, 14 अगस्त 2026।
माननीय शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, सहरसा जिला श्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में सहरसा जिला के विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा हेतु विकास भवन सभागार, सहरसा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी, सहरसा, पुलिस अधीक्षक, सहरसा, नगर आयुक्त, नगर निगम, सहरसा सहित अन्य जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जन- कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। माननीय प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं जिले के सर्वांगीण विकास को गति देना है। जनहित से जुड़े कार्यों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा विभागीय पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने बैठक में जिले में संचालित प्रमुखफ योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से माननीय प्रभारी मंत्री को अवगत कराया तथा प्रशासन की ओर से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।